
CHANNEL9.LIFE
कांग्रेस में टिकट को लेकर शुरू हुआ विवाद आज भी जारी रहा। पद्मनाभपुर वार्ड 45 में पहले राजेश शर्मा का नाम फाइनल किया गया था। बाद में प्रत्याशियों की सूची घोषित होने पर पता चला कि राजेश शर्मा की बजाय शहर युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा को टिकट दी गई है। इस मामले को लेकर पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कल दीपक बैज से मुलाकात कर राजेश शर्मा को ही टिकट देने की मांग की, लेकिन बात नहीं बनी।
आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी से रिक्त बी फार्म शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल के पास भेजे गए। बी फार्म में प्रत्याशियों के नाम भरकर कलेक्टोरेट में जमा किया जाना था। वार्ड 45 के बी फार्म में आयुष शर्मा की बजाय राजेश शर्मा का नाम भरकर कलेक्टोरेट में जमा किये जाने की खबर है। इस संबंध में शहर कांग्रेस अध्यक्ष से फोन पर चर्चा करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस में आज दोपहर बाद से काफी प्रतिक्रिया रही। बता दें कि आयुष शर्मा का निवास दूसरे वार्ड (आदर्श नगर) में है। इसके बावजूद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ नेताओं द्वारा आयुष शर्मा को पद्मनाभपुर वार्ड से टिकट दे दिया गया। शहर युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा को टिकट मिलने पर पद्मनाभपुर वार्ड के नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया था।
इस मामले को लेकर वोरा ने भी नाराजगी जताई थी। कहा जा रहा है कि वोरा ने राजनीतिक ताकत दिखाते हुए आयुष शर्मा को टिकट मिलने के बावजूद राजेश शर्मा के नाम बी फार्म जारी करवा दिया। इसे लेकर अलग अलग प्रतिक्रिया जताई जा रही है।


