
CHANNEL9.LIFE
दुर्ग। नगर निगम चुनाव की जंग शुरू हो चुकी है। इसके बावजूद कांग्रेस संगठन सुप्त अवस्था में पड़ा है। एक ओर भाजपा की चुनावी तैयारियां दिनोंदिन तेज हो रही है, जिला भाजपा कार्यालय में चुनावी गहमागहमी दिन भर रहती है। चुनाव कायार्लय भी खोला जा चुका है और राजधानी से जिला संगठन प्रभारी रोज चुनाव अभियान की समीक्षा कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस के जिम्मेदार पदाधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। हालत इतनी बदतर है कि जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय राजीव भवन में कल दिन भर ताला लटका रहा। अपने समर्थक पार्षद प्रत्याशियों को टिकट दिलाने के बाद प्रमुख नेता चुनावी सीन से गायब हो गए हैं।
दुर्ग में कांग्रेस की सुस्त चाल को तेज करने आज दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू राजीव भवन आएंगे। कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। नसीहत देंगे और चुनाव में काम करने के साथ ही चुनाव जीतने के टिप्स भी देंगे। बैठक में पूर्व विधायक अरुण वोरा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, पूर्व महापौर शंकरलाल ताम्रकार, आरएन वर्मा, धीरज बाकलीवाल, पूर्व सभापति राजेश यादव, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र साहू, एआईसीसी मेंबर दीपक दुबे उपस्थित रहेंगे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल ने कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बैठक में उपिस्थित की अपील की है।


