- बी फार्म में कांग्रेस प्रत्याशी के नाम में त्रुटि
- प्रशासन ने किया पंजा चुनाव चिन्ह देने से इंकार
- सिलाई मशीन चुनाव चिन्ह आवंटित
CHANNEL9.LIFE
दुर्ग। बी फार्म विवाद और कांग्रेस के एक प्रत्याशी द्वारा भाजपा के समर्थन में नामांकन वापस लेने के बाद दुर्ग में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। शहर कांग्रेस कमेटी के जिम्मेदार पदािधकारियों की लापरवाही से एक कांग्रेस प्रत्याशी का खेला हो गया है। दरअसल वार्ड 36 में सर्वसम्मति से प्रतिभा गुप्ता को कांग्रेस प्रत्याशी बनाया गया था। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल और कांग्रेस नेता परमजीत भुई ने उनका नाम बी फार्म में भरकर कलेक्ट्रेट में जमा किया। नाम भरने में गलती हो गई।
दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को पैनल भेजा गया था। उसमें प्रतिभा गुप्ता ही लिखा था। लेकिन पीसीसी द्वारा घोषित की गई सूची में पिरितम गुप्ता लिखा था। इसी सूची के आधार पर दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल ने बी फार्म में पिरितम गुप्ता लिखकर कलेक्ट्रेट में जमा कर दिया।
बी फार्म में प्रतिभा गुप्ता की जगह पिरितम गुप्ता लिखे जाने के कारण प्रशासन ने प्रतिभा गुप्ता को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी मानने से इंकार कर दिया। अब प्रतिभा गुप्ता निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगी। उन्हें सिलाई मशीन चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है।


