
CHANNEL9.LIFE
मतदान का दिन जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे कांग्रेस, भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान तेज हो चला है। चुनावी जंग में भाजपा विधायक गजेंद्र यादव दुर्ग नगर निगम में सत्तारूढ़ रही कांग्रेस की पिछली परिषद के कामकाज को लेकर ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर गजेंद्र यादव कांग्रेस की परिषद पर जमकर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। गजेंद्र यादव के लगातार आक्रामक हमले से कांग्रेस में हड़कंप है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के हमलों पर चुप्पी साध ली है।
भाजपा विधायक गजेंद्र यादव निगम चुनाव में वार्डों में जनसंपर्क अभियान के साथ ही चुनावी रणनीति तय करने पार्टी की बैठकों में सक्रिय हैं। इसके साथ ही नगर निगम में पिछले पांच साल से काबिज रही कांग्रेस की परिषद पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगा रहे हैं। निवर्तमान महापौर धीरज बाकलीवाल समेत एमआईसी मेंबरों को करप्शन के कटघरे में लगातार खड़ा कर रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस में गजेंद्र यादव के जोरदार हमलों पर कांग्रेस का खेमा मौन है।
दुर्ग शहर में कांग्रेस कैंप से पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, चार बार रह चुके विधायक अरुण वोरा, निवर्तमान महापौर धीरज बाकलीवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, कांग्रेस के एआईसीसी मेंबर दीपक दुबे, आल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर, पूर्व सभापति राजेश यादव सरीखे मजबूत नेताओं की लंबी लिस्ट है।
ये कांग्रेस नेता हर चुनाव में या तो खुद के लिये टिकट की दावेदारी करते हैं या अपने समर्थक को टिकट दिलाने लामबंदी करते हैं। दावेदारी की होड़ में दिन-रात एक कर देते हैं। लेकिन जब भाजपा के हमलों का जवाब देने और पार्टी के लिये स्टैंड लेने का मौका आता है, तब ये नेता बगलें झांकने लगते हैं। चुप्पी साध लेते हैं।
विधायक गजेंद्र यादव ने नगर निगम दुर्ग की पिछली परिषद के कार्यकाल में नल-जल आवर्धन योजना, पंप हाउस में खराबी, पैनल बोर्ड संधारण, संपवेल निर्माण, अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने सरस्वती नगर व पोटिया के पीएम आवास का आवंटन न करने, बस स्टैंड व इंदिरा मार्केट पार्किंग स्टैंड, कोरोना काल के समय खाद्यान्न वितरण, मानस भवन के पास निर्मित गुमटियां, नेहरू नगर से पुलगांव चौक तक सडक़ चौड़ीकरण कार्य, ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण कार्य, कचरा निष्पादन कार्य, प्लेसमेंट कर्मचारियों की भर्ती के अलावा अन्य कार्य में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। निगम की एफडी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए शासन स्तर पर जांच कराने की बातें भी कही है।
- मतदाता सवाल कर रहे हैं कि क्या कांग्रेस नेताओं के पास गजेंद्र यादव के हमलों का कोई जवाब नहीं है ?
- बड़ा सवाल ये भी है कि कांग्रेस के जिम्मेदार नेताओं को आखिर किस बात का डर है ??
- चुप्पी साधने की वजह क्या है ???


