
- भाजपा को हार का डर, साम-दाम-दंड-भेद कर जीतना चाहते हैं नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव : भूपेश
- कांग्रेस सरकार ने दुर्ग में विकास के लिये 5 साल में 5 सौ करोड़ दिये, भाजपा शासन में नहीं मिल रहा फंड
CHANNEL9.LIFE
दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को दुर्ग नगर निगम चुनाव में महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू सहित कांग्रेस के वार्ड प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। नयापारा, बोरसी, उरला और शक्तिनगर में सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। भूपेश बघेल ने दुर्ग में कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ जनसंपर्क भी किया।
दुर्ग में मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले 5 साल में दुर्ग नगर निगम में पांच सौ करोड़ रुपए के विकास कार्य कराये। लेकिन भाजपा शासन में दुर्ग में विकास कार्यों का क्या हाल है, यह किसी से छिपा नहीं है? दुर्ग के विकास के लिये राज्य सरकार राशि जारी नहीं कर रही है। दुर्ग शहर का विकास पूरी तरह ठप हो चुका है।
भूपेश ने साय सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के राज में युवाओं को बेरोजगारी भत्ता तक नहीं मिल रहा है। राजीव मितान क्लब बंद हो गए। शहरों और पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। आदिवासी क्षेत्रों में चना तक नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार ने शहरी क्षेत्र में पिछले एक साल से एक भी पीएम आवास का निर्माण शुरू नहीं कराया। 3 हजार नौजवानों की नौकरी छीन ली गई। महिला बाल विकास विभाग में कर्मचारी की छंटनी कर दी गई। भाजपा शासन के कामकाज से लोगों में हताशा और िनराशा है।
भूपेश ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों का धान भी नहीं खरीदना चाहती थी। जब कांग्रेस ने दबाव बनाया, तब धान खरीदी शुरू की गई। भाजपा सरकार से प्रदेशवासी एक साल में ही त्रस्त हो गए हैं। भूपेश ने कहा कि उन्हें कुनकुरी में लोगों ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास के लिये सौ करोड़ दिये थे। टेंडर भी हो गया लेकिन साय सरकार ने काम रोक दिया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने फंड रोक दिया है। भाजपा सरकार में यही पता नहीं चल रहा है कि आखिर किसकी चल रही है।
कवर्धा में 7 सौ पेटी शराब पकड़े जाने की खबर पर भूपेश ने कहा कि जब सरकार खुद सरकार बेच रही है तो इतनी शराब कहां से आ गई। किसने उपलब्ध कराई। एक साथ इतनी शराब कैसे मिल गई। पंडरिया में उन्होंने अफसरों से कहा कि भाजपा प्रत्याशियों के यहां छापा मारो। वहां गड्डी भी मिलेगा, झंडा भी मिलेगा और खंभा भी मिलेगा।
भूपेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक साल में कोई काम नहीं किया है और इसीलिये भाजपा नगरीय निकाय चुनाव नहीं कराना चाहती थी। कांग्रेस ने दबाव बनाया तब मजबूरी में चुनाव करा रहे है। चुनाव में हार का डर है इसीलिये साम-दाम-दंड –भेद कर चुनाव जीतने की तिकड़म भिड़ा रहे हैं।
भूपेश ने कहा कि निकाय चुनाव में दुर्ग सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में जबर्दस्त माहौल है। दुर्ग पहुंचने में उन्हें काफी देर हो गई। बोरसी, उरला, नयापारा में इतनी रात में भी सैकड़ों लोग सभा में उपस्थित हैं, इससे साफ संकेत मिल रहा हैं कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी दुर्ग से चुनाव जीतेंगे। भूपेश ने कहा कि उन्होंने चुनाव प्रचार करते हुए प्रदेश के 12 जिलों का दौरा किया है। हर जगह जनता कांग्रेस को हाथों-हाथ ले रही है।
भूपेश बघेल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी नेता चुनाव जीतने के लिये कुछ भी कर सकते हैं। महाराष्ट्र में मतदाता सूची में फेरबदल कर 39 लाख मतदाता बढ़ा दिये और चुनाव जीत गए। जिस तरह से इलेक्शन कमीशन के माध्यम से प्रजातंत्र का चीरहरण किया जा रहा है, यह देश के हित में नहीं है।


