
चैनल 9. लाइफ
दुर्ग। शहर के प्रतिष्ठित राइस मिलर व भाजपा के वरिष्ठ नेता कांतिलाल बोथरा को छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पद पर चुना गया है। बोथरा पिछले 35 साल से भाजपा में जिला भाजयुमो अध्यक्ष, जिला भाजपा महामंत्री का ओहदा संभाल चुके हैं। विभिन्न चुनावों में विधान सभा चुनाव प्रभारी / समन्वयक, कोष प्रभारी जैसे कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के साथ ही भाजपा के चुनावी रणनीतिकार के रूप में भी महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। अब उन्हें छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है। आज बिलासपुर में एसोसिएशन की बैठक में बोथरा को नया अध्यक्ष चुना गया।
बोथरा ने बताया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में राइस मिलर्स को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। राइस मिलर्स की समस्याओं का समाधान करने के लिये वे हरसंभव प्रयास करेंगे। प्रदेश के सभी राइस मिलर्स से चर्चा कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बोथरा ने कहा कि साय सरकार ने राज्य के हरेक वर्गों के हितों का ध्यान रखा है। राज्य सरकार राइस मिलर्स की समस्याओं का समाधान भी करेगी। राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में वे स्वयं राज्य सरकार और राइस मिलर के बीच समन्वय कायम करने का काम करेंगे।


