
- नगर निगम कर्मचारियों को समय पर करें वेतन का भुगतान
- एक दिन के अवकाश पर दो दिन का वेतन काटना अन्यायपूर्ण
चैनल 9 . लाइफ
पिछले सात दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम के मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारी धरना दे रहे हैं। आज धरना स्थल पर पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल समेत कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन का समर्थन किया। धीरज ने कहा कि मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारियों को पिछले एक माह से वेतन नहीं दिया गया है। समय पर वेतन न मिल पाना कर्मचारियों के साथ बड़ा अन्याय है।

मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारियों ने पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल को बताया कि जिन कर्मचारियों को वेतन दिया गया है, वह अधूरा और असंगत है। कई कर्मचारियों को वेतन दिये बिना ही उनके निष्ठा एप को बिना पूर्व सूचना के बंद कर दिया गया है। कर्मचारी द्वारा एक दिन की छुट्टी लेने पर दो दिन का वेतन काटा जा रहा है।
धीरज ने कहा कि यह मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारियों के साथ सरासर अन्याय है। कांग्रेस की परिषद के कार्यकाल में कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा की गई। ये वही कर्मचारी हैं जिन्होंने कोरोना संकट काल में अपनी जान जोखिम में डालकर पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को जारी रखा। कांग्रेस की परिषद ने इसके लिए कर्मचारियों को बोनस भी दिया। दूसरी ओर भाजपा की परिषद मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारियों को समय पर वेतन तक नहीं दे पा रही है।
धीरज ने जोर देकर कहा कि मिशन क्लीन सिटी में ठेका प्रथा को पूरी तरह समाप्त किया जाए। यह प्रणाली केवल शोषण को बढ़ावा देती है। कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जाए और उनके साथ अन्याय और दमनात्मक रवैया न अपनाया जाए। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, पार्षद दीपक साहू, भास्कर कुंडले, अलताफ अहमद, मनदीप भाटिया, गौरव उमरे विशेष रूप से उपस्थित थे।


