Friday, November 14, 2025
Google search engine
HomeUncategorizedदुर्ग में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म - कई वार्डों में शुरू...

दुर्ग में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म – कई वार्डों में शुरू हुई सफाई

चैनल 9 . लाइफ 

दुर्ग। मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। आज सुबह निगम कमिश्नर ने सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सहमति जताते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। चर्चा के दौरान कई आंदोलनकारियों ने इस संबंध में लिखित में आश्वासन देने की मांग की। कमिश्नर ने लिखित आश्वासन दे दिया है। मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारी नेता रवि सोनी ने बताया कि लिखित आश्वासन मिलने के बाद  हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया गया। कई वार्डों में कचरा कलेक्शन का काम भी शुरू हो गया। 

गौरतलब है कि पिछले 8 दिनों से नगर निगम में सफाई व्यवस्था ठप रही। मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू करते हुए पिछले माह का वेतन देने की मांग की। एक दिन का अवकाश लेने पर दो दिन की पगार काटने सहित अन्य मुद्दों को लेकर कर्मचारियों ने असंतोष जताते हुए हड़ताल शुरू की थी।

पिछले दो दिनों से आंदोलन ने गति पकड़ी। विपक्ष के पार्षदों समेत सत्ता पक्ष के पार्षदों ने भी निगम की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। सत्ता पक्ष के पार्षदों ने विधायक गजेंद्र यादव और कलेक्टर अभिजीत सिंह से भी मुलाकात कर निगम की व्यवस्था दुरुस्त करने में हस्तक्षेप करने की मांग की। विपक्ष के पार्षदों ने हमलावर तेवर अपनाए। पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले समेत विपक्षी पार्षदों ने कड़े तेवर अपनाए।

वोरा ने डिप्टी सीएम व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से फोन पर चर्चा की। उन्होंने कलेक्टर और महापौर व कमिश्नर से भी फोन पर बातचीत कर सफाई कर्मियों की समस्या सुलझाने और शहर की सफाई व्यवस्था बहाल करने कहा। लगातार दबाव बढ़ने पर आज सुबह दोनों पक्षों के बीच सुलह का रास्ता खुला और हड़ताल समाप्त हो गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!