
चैनल 9 . लाइफ
दुर्ग। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने पर पूर्व विधायक अरुण वोरा ने डिप्टी सीएम अरुण साव का आभार व्यक्त किया है। वोरा ने कहा कि हड़ताल के कारण दुर्ग शहर के नागरिक बदबू और गंदगी से परेशान रहे। उन्होंने स्वयं उपमुख्यमंत्री अरुण साव से दूरभाष पर संपर्क किया और दुर्ग की बिगड़ती स्थिति से अवगत कराया। वोरा ने शीघ्र हस्तक्षेप करने का आग्रह भी किया।
रांची प्रवास पर होने के बावजूद साव ने दुर्ग की स्थिति को गंभीरता से लिया और वोरा को भरोसा दिलाया कि वे नगर निगम आयुक्त और महापौर से चर्चा कर शीघ्र समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे। इसके बाद आज 29 मई को प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है। इसके साथ ही धरना समाप्त कर दिया गया।
वोरा ने कहा कि पिछले 7 दिनों से दुर्गवासी शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर और बदबू से परेशान थे। नगर पालिक निगम दुर्ग के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी थी। वोरा ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने मेरी बात संवेदनशीलता से सुनी और तुरंत ठोस कदम उठाया। इस सकारात्मक पहल के लिए वोरा ने दुर्ग प्रशासन की भी सराहना की।


