
चैनल 9 . लाइफ
दुर्ग। पूर्व विधायक अरुण वोरा ने आज सुबह से तीन घंटे तक लगातार वार्डों का दौरा करते हुए सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। वोरा ने कहा कि पूरे शहर में गंदगी और बदबू से लोग परेशान हैं। पूूर्व में नगर निगम द्वारा महासफाई अभियान चलाया गया था, लेकिन अभियान पूरी तरह फ्लाप रहा। शहर में दोबारा बेहतर और प्रभावी तरीके से महासफाई अभियान शुरू किया जाना चाहिये।

वोरा ने आज सुबह वार्ड 13 (मोहन नगर) का दौरा किया। मोहन नगरवासियों से सफाई को लेकर हो रही अव्यवस्था के मामले में वोरा को लगातार शिकायतें मिल रही थी। आज भ्रमण के दौरान गंदगी दिखाते हुए नागरिकों ने सफाई व्यवस्था दुुरुस्त कराने वोरा से पहल करने की मांग की।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि क्षेत्र में अनेक स्थानों पर नालियाँ पूरी तरह जाम हैं। साफ-सफाई के अभाव में सांप, बिच्छू और चूहों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि हुई है। रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था ठप रहती है। वातावरण में दुर्गंध है। निरीक्षण के दौरान वोरा के साथ इंजीनियर, सफाई दरोगा, सफाईकर्मी, स्थानीय कार्यकर्ता व नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, परमजीत सिंह भुई, शशांक (सनी) साहू, पप्पू श्रीवास्तव, बबलु चावड़ा व अशोक श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
वोरा ने कहा कि दुर्ग शहर की वर्तमान सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यह न केवल जनस्वास्थ्य के लिए खतरा है, बल्कि एक विकसित नगर की गरिमा के भी विपरीत है। स्थानीय निवासियों ने भी खुलकर समस्याएं बताते हुए कहा कि शहर के हालात संतोषजनक नहीं हैं।
वोरा ने वार्ड 26 का दौरा किया। पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा के वार्ड में भी हालात बदतर दिखे। दुर्ग गुरुद्वारा के समीप पुल के नीचे एक पुरानी पाइपलाइन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त अवस्था में पाई गई, जिससे प्रतिदिन हजारों गैलन पेयजल व्यर्थ बह रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस समस्या की ओर पूर्व में भी ध्यान आकर्षित कराया गया था, परंतु अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के बीचोंबीच इतनी बड़ी मात्रा में पेयजल का निरंतर अपव्यय चिंताजनक है। यह न केवल संसाधनों की बर्बादी है, बल्कि व्यवस्था की उदासीनता को भी दर्शाता है। ऐसी स्थितियों पर शीघ्र और गंभीर कार्रवाई करना चाहिये।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि शंकरनाला की सफाई के बाद निकला कचरा दो महीनों से उसी अवस्था में पड़ा है। कचरे के समय पर निष्पादन न होने के कारण क्षेत्र में संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है, जिससे जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस दौरान पूर्व सभापति राजकुमार नारायणी भी उपस्थित रहे।
वोरा ने वार्ड 34 का दौरा किया। यहां की गलियों में गंदगी, जलभराव और दुर्गंध से लोग परेशान दिखे। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं होती, जिससे बीमारियां फैलने की आशंका है। तीनों वार्डों की सफाई व्यवस्था देखने के बाद वोरा ने स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी निलेश अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल से दूरभाष पर चर्चा की, उन्हें जमीनी स्थिति से अवगत कराया और तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा।


