
चैनल 9 . लाइफ
दुर्ग। भाजपा और कांग्रेस संगठन में अलग-अलग स्तरों पर कार्यकारिणी घोषित होने से पहले आंतरिक घमासान शुरू हो गया है। भाजपा की जिला कार्यकारिणी इसी महीने घोषित होने की संभावना है। वहीं, कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी का ऐलान अगले माह किया जाएगा। जिला संगठन में महत्वपूर्ण ओहदा पाने के लिये दोनों ही दलों में गुटीय नेताओं के बीच खींचतान मची है। राज्य की सत्ता में काबिज होने के कारण भाजपा में आंतरिक संघर्ष ज्यादा है। कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी में भूपेश समर्थकों का दबदबा होने की संभावनाएं जताई जा रही है।
चार दिग्गजों में समर्थकों को पद दिलाने की होड़
दुर्ग जिला भाजपा संगठन में अपने समर्थकों को ज्यादा से ज्यादा जगह दिलाने चार गुटों के नेता जोर दे रहे हैं। सांसद विजय बघेल, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, विधायक ललित चंद्राकर और गजेंद्र यादव अपने समर्थकों को संगठन के महत्वपूर्ण ओहदे दिलाना चाहते हैं। जिला भाजपा संगठन में महामंत्री, कोषाध्यक्ष और कार्यालय मंत्री के अलावा उपाध्यक्ष पद पाने के लिये भी भाजपा नेता अपने-अपने आकाओं से मेल मुलाकात कर रहे हैं।
दूसरी ओर, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक अपने सौम्य तौर तरीकों से कार्यकारिणी में संतुलन कायम करने समन्वय की राजनीति पर जोर दे रहे हैं। कहा जा रहा है कि सुरेंद्र नई कार्यकारिणी में पार्टी के निष्ठावान और योग्य कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह देना चाहते हैं। इसके लिये जिले और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से भी मार्गदर्शन लिया जा रहा है।
कांग्रेस में भूपेश का दबदबा कायम
कांग्रेस में जिला स्तर पर भूपेश का एकतरफा दबदबा कायम है। दुर्ग में पांच साल के मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल के दौरान भूपेश ने सारे गुटों का खात्मा कर दिया। सत्ता से हटने के बाद भी इस सीन में कोई बदलाव नहीं आया है। कभी चौबे, चंद्राकर गुटों में बंटी जिला कांग्रेस की राजनीति पर अब केवल भूपेश बघेल का एकतरफा कब्जा है। जिले की राजनीति में इस समय चौबे और चंद्राकर गुटों की राजनीति भूपेश बघेल के साथ है। एक और कद्दावर नेता ताम्रध्वज साहू भी भूपेश बघेल के साथ ताल से ताल मिलाकर संगठन चलाने के पक्षधर रहे हैं। कांग्रेस में गुटीय समन्वय होने के बावजूद पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे और ताम्रध्वज साहू के समर्थक जिला कांग्रेस कमेटी में महत्वपूर्ण ओहदा चाहते हैं। इसके लिये लगातार लॉबिंग भी हो रही है।
क्या कहते हैं कांग्रेस भाजपा के जिला अध्यक्ष …
अगले एक हफ्ते में मंडल और सेक्टर स्तर पर कार्र्यकारिणी के गठन का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद अगस्त माह के अंत तक बूथ स्तर पर कार्यकारिणी का गठन होगा। सितंबर माह में जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी।
राकेश ठाकुर,
अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग
फिलहाल 12 भाजपा मंडल कार्यकारिणी का गठन किया जा चुका है। अगले कुछ दिनों में शेष 5 मंडलों की कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। इसके बाद जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
सुरेंद्र कौशिक,
अध्यक्ष, जिला भाजपा दुर्ग


