
- हिर्री के स्कूल में प्रैक्टिकल न कराने पर प्रभारी प्राचार्य और फिजिक्स की व्याख्याता को नोटिस
चैनल 9 . लाइफ
दुर्ग/ प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज दुर्ग जिले के गनियारी स्थित पूर्व माध्यमिक और हाई स्कूल, नगपुरा के स्वामी आत्मानंद स्कूल (हिंदी/इंग्लिश) और ग्राम हिर्री के आत्मानंद/पूर्व माध्यमिक स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला/हाई स्कूल गनियारी में पदस्थ सभी शिक्षक अध्यापन कार्य छोड़कर स्टाफ रूम में बैठे थे।
शिक्षा मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्य विषय के पीरियड में एनजीओ द्वारा पोषण और स्वच्छता पर व्याख्यान देेने और विद्यालय के किसी भी शिक्षक के व्याख्यान में उपस्थित न होकर स्टाफ रूम में बैठने पर नाराजगी जताई। मुख्य विषय के पीरियड में जिला शिक्षा अधिकारी की अनुमति के बिना किसी भी एनजीओ या बाहरी व्यक्ति को विद्यालय में प्रवेश न देने के निर्देश भी दिये। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रभारी प्राचार्य रजनी पुरोहित के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नगपुरा का भी निरीक्षण किया। संस्था प्रमुख की मांग पर डोम निर्माण और बालक-बालिका के लिये पृथक-पृथक शौचालय निर्माण की घोषणा की। शिक्षा मंत्री ने रिक्त पदों पर परीक्षण के बाद भर्ती का आश्वासन दिया।
शासकीय उ. मा. वि. हिर्री धमधा के निरीक्षण के दौरान भौतिक 4 और रसायन के 4 विषय के प्रायोगिक कार्य कराये गए हैं। शिक्षा मंत्री ने प्रायोगिक कार्य पूर्ण न होने पर प्रभारी प्राचार्य मनीराम मनडारे की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। शिक्षा मंत्री ने भौतिक शास्त्र की व्याख्याता कल्पना शुक्ला को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। विद्यालय के लिये डोम निर्माण के साथ बालक बालिका हेतु पृथक-पृथक शौचालय की घोषणा की।
शिक्षा मंत्री यादव ने पूर्व माध्यमिक शाला हिर्री के निरीक्षण के दौरान वहां पदस्थ प्रधानपाठक हरिहारणों के अध्यापन व्यवस्था का निरीक्षण किया और संतोष व्यक्त किया। शास. उ. मा. वि. लिटिया में शिक्षा मंत्री यादव ने अपने करकमलों से छात्राओं को नि:शुल्क सरस्वती सायकल का वितरण किया। उन्होंने यहां पर डोम निर्माण की घोषणा की। इस अवसर पर संयुक्त संचालक आरएल ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा और विद्यालयों के शिक्षकगण व विद्यार्थी उपस्थित थे।


