Friday, November 14, 2025
Google search engine
HomeUncategorizedगरबा उत्सव का स्थानीय नागरिकों ने शुरू किया विरोध : नगर निगम...

गरबा उत्सव का स्थानीय नागरिकों ने शुरू किया विरोध : नगर निगम ने लगाया सूचना बोर्ड : केवल स्थानीय रहवासियों के स्पोर्ट्स के लिये सुरक्षित है मैदान

चैनल 9 . लाइफ 

 

पद्मनाभपुर के मिनी स्टेडियम में रास-गरबा आयोजन को लेकर विरोध शुरू हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने गरबा आयोजन का विरोध करते हुए कहा है कि मिनी स्टेडियम में पूरे साल भर खेलकूद की गतिविधियां होती है। रास गरबा आयोजन के कारण खेलकूद की गतिविधियां प्रभावित होगी। रास गरबा आयोजन के लिये डस्ट आदि डाला जा रहा है। इससे मैदान की दुर्गति होना भी तय है। नागरिकों ने मिनी स्टेडियम में रास गरबा का आयोजन हर हाल में रोकने की मांग की है।
हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कनक तिवारी ने रास गरबा आयोजन पर रोक लगाने नगरीय प्रशासन व खेल मंत्री अरुण साव से मांग की है। इस संबंध में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने भी खेल मैदान पर गरबा का आयोजन न करने के निर्देश दिये हैं। बता दें कि पिछले साल भी यहां रास गरबा का आयोजन किया गया था। स्थानीय नागरिकों ने आयोजन का विरोध भी किया। इस बार भी आयोजन के साथ विरोध शुरू हो गया है।
रास-गरबा के आयोजन में कांग्रेस नेता सक्रिय हैं। पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आयुष शर्मा, युकां नेता गौरव उमरे, निकिता मिलिंद सहित अन्य कई कांग्रेस नेता प्रमुख आयोजकों में शामिल हैं। पिछले साल भी इसी मिनी स्टेडियम पर रास गरबा का आयोजन किया गया था, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिरकत की थी। इस बार भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश को आमंत्रित करने की तैयारी की जा रही है।
गड्ढा खोदने और वाहनों की आवाजाही से मैदान की दुर्गति
यहां आयोजकों द्वारा रास गरबा आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। मैदान में जगह जगह गड्ढे खोदे जा रहे हैं। पंडाल आदि लगाने के साथ ही यहां कुछ जगहों पर मुरुम भी डाला जा रहा है। मुरुम डालने के बाद लेवलिंग न होने और गड्ढे खोदे जाने के कारण मैदान की दुर्गति होना तय है। खिलाडिय़ों का कहना है कि पिछले साल भी उन्हें रास गरबा आयोजन के कारण अभ्यास में परेशानी हुई। इस बार भी यही समस्या हो रही है। मैदान पर गाडिय़ों की आवाजाही शुरू हो गई है और आयोजन के बाद भी वाहनों की आवाजाही होना तय है। इसके कारण मैदान ऊबडख़ाबड़ हो रहा है।
नगर निगम ने लगाया नोटिस बोर्ड, खेल मैदान के लिये सुरक्षित
शिकायत और विरोध के बीच नगर निगम ने आज ही यहां सूचना बोर्ड लगा दिया है जिसमें कहा गया है कि मिनी स्टेडियम की भूमि हाउसिंग बोर्ड के अधीन है। यह खेल का मैदान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत इसी कॉलोनी के रहवासियों के खेल मैदान के रूप में सुरक्षित है। इसे किसी अन्य प्रयोजन या व्यक्ति या संस्था को नगर निगम द्वारा नहीं दिया जाएगा। क्योंकि नगर निगम को ही इस खेल मैदान का संधारण और रखरखाव करना होता है। यह सूचना बोर्ड आयुक्त नगर निगम के आदेश के तहत लगाया गया है।
दूसरे वार्डोंं में रहते हैं प्रमुख आयोजक
गरबा आयोजकों में ज्यादातर कांग्रेस नेता दूसरे वार्ड के निवासी हैं। रास गरबा का आयोजन पद्मनाभपुर वार्ड 45 में हो रहा है। रास गरबा आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव उमरे वार्ड 42 में निवास करते हैं। एक अन्य प्रमुख आयोजक कांग्रेस नेत्री निकिता मिलिंद भी वार्ड 41 में निवास करती हैं। शहर युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा कसारीडीह वार्ड 43 में निवास करते हैं। अन्य आयोजकों में भी दूसरे वार्ड के कांग्रेस नेता शामिल हैं। केवल धीरज बाकलीवाल का निवास पद्मनाभपुर के वार्ड 46 में है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दूसरे वार्ड के निवासियों द्वारा वार्ड 45 में खेल मैदान में गरबा का आयोजन करना उचित नहीं है। इसके लिये निजी हाल या भवन किराये पर लेकर आयोजन करना चाहिये।
रास गरबा के मुख्य आयोजक पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल का कहना है कि मिनी स्टेडियम पर हाल ही में गणेशोत्सव का 10 दिवसीय आयोजन किया गया। 2 अक्टूबर को दशहरा का आयोजन भी किया जाएगा। गणेशोत्सव और दशहरा का आयोजन 25 साल से किया जा रहा है। रास गरबा का आयोजन केवल 2 दिनों के लिये किया जा रहा है। इससे किसी को समस्या नहीं होनी चाहिये।
वार्ड 45 पद्मनाभपुर पश्चिम के पार्षद संजय अग्रवाल का कहना है कि मिनी स्टेडियम के आसपास रहने वाले बुजुर्ग नागरिकों को शोरशराबा पसंद नहीं है। वार्ड के नागरिकों द्वारा मिनी स्टेडियम में देर रात तक होने वाले आयोजनों को लेकर कई बार शिकायतें मिल चुकी हैं। जानकारी मिली है कि इस संबंध में राष्ट्रपति को भी पत्र भेजा गया है। देर रात तक होने वाले टूर्नामेंट, शोर शराबे वाले आयोजन, आधी रात को पटाखे फोडऩे से बुजुर्ग नागरिकों को परेशानी होती है। इस मामले को लेकर कलेक्टर से भी आज वार्ड के नागरिकों ने शिकायत की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!